राजस्थानराज्य

भाजपा ने मंत्री ममता भूपेश के अपराधी तिलक लगाकर घूमने के बयान पर गहलोत सरकार को घेरा

Spread the love

जयपुर
अलवर में नाबालिग के साथ गैंगरेप मामले में सियासत शामिल हो गई है। कांग्रेस- भाजपा नेताओं में जुबानी जंग से सर्दी के मौसम में भी राज्य की राजनीति गरमाई हुई है। महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश के अपराधी तिलक लगाकर घूमने के बयान पर भाजपा ने गहलोत सरकार को निशाने पर ले लिया है। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर ने ममता भूपेश पर निशाना साधा है। जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने गहलोत सरकार पर मामले को रफा-दफा करने का आरोप लगाया है। पूनिया का कहना है कि जब दुष्कर्म नहीं हुआ है तो गहलोत सरकार ने एसआईटी का गठन क्यों किया है। भाजपा के वार पर प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पलटवार किया है। डोटासरा ने भाजपा पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया है। सीएम गहलोत ने भाजपा नेताओं को अनर्गल बयानबाजी से बचने की सलाह दी है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने यह बयान दिया था
उल्लेखनीय है कि महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने अलवर निर्भया हैवानियत जैसे मामले में बयान दिया है कि सरकार अकेली ये अपराध रोकने का काम नहीं कर सकती है। इसमें समाज को भी सामने आना होगा। सरकार अकेले इस तरह के अत्याचारों को रोकने का काम नहीं कर सकती है। ममता भूपेश ने यह भी सवाल खड़ा किया कि रेपिस्ट कोई तिलक लगाकर आए थे क्या, जो हम पहचान जाते कि वो रेपिस्ट हैं। धर्म विशेष और तिलक से रेप को जोड़ना कहां की राजनीति है। ममता भूपेश के इस बयान के बाद भाजपा के देश-प्रदेश के नेताओं ने मंत्री ममता भूपेश के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि गहलोत सरकार की महिला मंत्री का यह बयान काले चरित्र का एक परिचायक है। सरकार को आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए। जबकि मंत्री बेवजह की बयानबाजी कर रहे हैं।

पांच सदस्य बीजेपी कमेटी करेगी अलवर का दौरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने अलवर गैंगरेप मामले को लेकर 5 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। शनिवार को कमेटी घटना स्थल पर जाएगी। स्थानीय प्रशासन से मुलाकात करके घटना की वास्तविकता की जांच कर रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेगी। प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि गहलो सरकार दुष्कर्म की घटना को सामान्य घटना बता रही है। यह निंदनीय है। सरकार दुष्कर्म की घटना में लीपापोती कर रही है। रामलाल शर्मा ने कहा कि पहले गहलोत सरकार के मंत्री कह रहे थे कि दुष्कर्मियों को उनके किए की सजा देंगे और अब अधिकारी इस घटना को सामान्य घटना का रूप दे रहे हैं। रामलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सरकार को मजबूर करेगी।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button
Close