भोपालमध्य प्रदेश

हर जोन कार्यालय में खुलेंगे 2-2 कोविड सहायता केन्द्र: मंत्री सारंग

Spread the love

भोपाल
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि भोपाल नगर निगम के हर जोन में 2-2 कोविड सहायता केन्द्र खोले जायेंगे। यह केन्द्र 23 अप्रैल से शुरू हो जायेंगे। इन केन्द्रों पर सामान्य कोविड मरीजों को होम आइसोलेशन की आवश्यक दवाएँ उपलब्ध होंगी। इसकी तैयारियों के लिये आज सारंग ने भोपाल नगर निगम कार्यालय में नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें दायित्व सौंपा। इस मौके पर कलेक्टर अविनाश लवानिया, नगर निगम आयुक्त के.व्ही.एस. चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर तिवारी सहित जिले के अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

सारंग ने कहा कि कोविड सहायता केन्द्र स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के सहयोग से संचालित होंगे। नगर निगम की गाड़ियाँ एलाउंसमेंट के जरिये इसकी जानकारी भी देंगी। हर केन्द्र का एक नोडल अधिकारी के साथ एक डॉक्टर की सेवाएँ ली जायेंगी। इन केन्द्रों पर लोगों को जाने के लिये प्रेरित करने के उद्देश्य से जन-प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जोड़ने के भी निर्देश दिये गये हैं। केन्द्र में आये गंभीर कोरोना पॉजिटिव मरीज को फीवर क्लीनिक और अन्य अस्पतालों के लिये लाइनअप किया जायेगा।

सारंग ने कहा है कि नगर निगम के अधिकारियों एवं पदस्थ डॉक्टरों के लिये यह चुनौती भरा कार्य है, इसे सोशल वर्कर के रूप में करें। सहायता केन्द्र की लोकेशन लोगों की पहुँच में हो, इसका ध्यान रखा जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि एसडीएम अपने क्षेत्र में हर छोटे-बड़े अस्पताल की अद्यतन स्थिति का आकलन करते रहें। छोटे अस्पतालों की भी इस संकट की घड़ी में महत्वपूर्ण भूमिका है।

नगर निगम के 19 जोन हैं। हर जोन में 2-2 कोविड सहायता केन्द्र खोलने जाने से इनकी संख्या 38 हो जायेगी। इससे मरीजों को फायदा होगा और फीवर क्लीनिक सहित अन्य अस्पतालों की भीड़ में कमी आयेगी। बताया गया कि अभी 47 फीवर क्लीनिक भोपाल में संचालित हैं।

Tags
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button
Close