महिला हेल्प डेस्क में कितने केस आए, पीएचक्यू ने मांगा डाटा
भोपाल
प्रदेश में 31 मार्च से महिलाओं को अर्जेंेट रिलीफ फॉर जस्ट एक्शन (यूआरजेए) के लिए महिला हेल्प डेस्क के जरिए एक महीने में कितनों की मदद हुई यह डाटा जिलों से मांगा गया है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय की महिला शाखा ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को लिखा है।
पिछले महीने केन्द्र सरकार के आर्थिक एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से प्रदेश के सभी जिलों के 700 थानों में ‘ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क’ स्थापित की जा रही है। महिलाओं के प्रति हो रही हिंसा के विरूद्व प्रभावी कार्यवाही हेतु मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा महिला डेस्क को पुलिस द्वारा की जाने वाली समस्त प्रकार की प्राथमिक कार्यवाही की जाएगी। महिला डेस्क को मुख्य रूप से महिला, बच्चे एवं बुजुर्गों को ध्यान में रखते हुये कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया हैं।
इस डेस्क को शुरू हुए 30 अप्रैल को एक महीना पूरा होने जा रहा है। इस दौरान कोरोना की दूसरी लहर भी प्रदेश पर हावी रही। ऐसे में भी इन डेस्क से कितनी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गो को मदद की गई यह पुलिस मुख्यालय जानना चाह रहा है। इसके चलते यहां से सभी पुलिस अधीक्षकों को हर केस की जानकारी भेजने के लिए लिखा गया है। मदद से फरियादी कितने संतुष्ट है यह भी इस जानकारी में बताना होगा।