मध्यप्रदेश में नौ लाख से अधिक वैक्सीन के डोज लगाए गए
भोपाल
वैक्सीनेशन महाअभियान के तहत एक दिन में रिकार्ड 16 लाख 91 हजार से अधिक वैक्सीन लगाकर रिकार्ड दर्ज करवाने वाले मध्यप्रदेश में आज 09 लाख 03 हजार से अधिक कोरोनारोधी वैक्सीन के डोज लगाए जा चुके हैं।
राज्य में वैक्सीनेशन अभियान से जुड़े सूत्रों के अनुसार आज भी मध्यप्रदेश देश में वैक्सीन लगाने के मामले में अव्वल है। ये आकड़ा शाम लगभग पांच बजे का है और इसके बाद भी वैक्सीन लगाने का कार्य राज्य में जारी था और अंतिम आकड़े आना शेष है। सूत्रों के अनुसार राज्य के 52 जिलों में आज 5749 सरकारी केंद्रों और 23 निजी केंद्रों पर वैक्सीन लगाने का कार्यक्रम चल रहा है। राज्य में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को एक दिन में मध्यप्रदेश में रिकार्ड 16 लाख 91 हजार से अधिक डोज नागरिकों को लगाए गए। राज्य में 16 जून से प्रारंभ हुए अभियान में अब तक कम से कम 01 करोड़ 90 लाख से अधिक डोज नागरिकों को लगाए गए हैं।
एक अनुमान के अनुसार राज्य में 18 प्लस की आबादी पांच करोड़ 71 लाख से अधिक है। इन सभी को वैक्सीन लगाने का कार्य राज्य सरकार ने हाथ में लिया है और कोशिश की जा रही है कि सभी नागरिकों को आगामी अक्टूबर माह तक वैक्सीन के डोज लगा दिए जाएं।