छत्तीसगढ़

बस्तर में तैनात जवान अब फ्लाइट से दिल्ली तक करेंगे सफर, गृह मंत्रालय से अनुबंध के बाद जगदलपुर पहुंची इंडिगो प्लेन

Spread the love

बस्तर
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर में तैनात अर्धसैनिक बलों के जवानों को केंद्र सरकार ने नि:शुल्क विमान सेवा की बड़ी सौगात दी है। शनिवार को 78 सीटर इंडिगो विमान जगदलपुर पहुंचा। मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान का वाटर केनन से स्वागत किया गया। पहले दिन इस विमान से 37 जवान रायपुर होते हुए दिल्ली रवाना हुए। जवानों को एयरपोर्ट पर तिरंगा झंडा देकर व मिठाई खिलाकर रवाना किया गया। इस दौरान बस्तर आईजी सुंदरराज पी., सीआरपीएफ के डीआईजी अखिलेश प्रताप सिंह, कलेक्टर रजत बंसल, एयरपोर्ट संचालक शभौमिक उपस्थित रहे। दरअसल, बस्तर के नक्सल मोर्चे पर तैनात अर्धसैनिक बलों के जवान देश के कोने-कोने से आते हैं। जवान अपने घरों से कोसों दूर रहते हैं। लंबे समय बाद जवानों को अपने परिवार से मिलने के लिए छुट्टी मिलती है, तब उनका बहुत समय सफर में खत्म हो जाता है। इसे देखते हुए मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स और इंडिगो के बीच एक करार हुआ है, जिसके तहत बस्तर में तैनात फोर्स के जवानों को दिल्ली तक की यात्रा के लिए यह सेवा शुरू की गई है। इंडिगो की फ्लाइट शनिवार, रविवार और बुधवार को जगदलपुर एयरपोर्ट आएगी और जवानों को रायपुर होते हुए दिल्ली लेकर जाएगी।  

घर पहुंचने में कई दिन लग जाते थे
पहली उड़ान से अपने घर जा रहे कोबरा बटालियन करनपुर में पदस्थ हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी अजीत यादव ने बताया कि पहले उन्हें घर पहुंचने में लगभग 3 दिन लग जाते थे। यह यात्रा बहुत अधिक थकाउ होती थी, लेकिन अब यहां से लगभग 5 बजे जगदलपुर से निकलकर रात लगभग 9 बजे दिल्ली पहुंचने के बाद वहां से लगभग एक घंटे में अपने गांव पहुंच जाऊंगा। इससे परिवार के बीच ज्यादा समय बिताने का अवसर मिलेगा। परिवार में भी खुशी है। डीआईजी कार्यालय में पदस्थ राजस्थान के झुंझनू जिले के जयसिंह ने इस योजना के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सरकार की संवेदनशीलता है जो जवानों की समस्या को समझते हुए उन्हें यह सौगात दे रही है।
 

आमजनों को जल्द मिलेगी हवाई सुविधा
बस्तर कलेक्टर रजत बंसल ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जवानों के लिए यह सुविधा शुरू की है, जिसमें 78 सीटर इंडिगो का विमान सप्ताह में तीन दिन बुधवार, शनिवार और रविवार को जगदलपुर से रायपुर होते हुए दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। इस विमान में जवानों के लिए 60 सीटें आरक्षित होंगी। कलेक्टर ने आमजनों के लिए भी जल्द ही इंडिगो की विमान सेवा शुरू होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि जगदलपुर पहुंचे इंडिगो के अधिकारियों को जिला प्रशासन के अफसरों ने एयरपोर्ट का सर्वे करवाया, जिसे उन्होंने कमर्शियल फ्लाइट के लिए उपयुक्त माना है। राज्य शासन को इसकी जानकारी दी जाएगी।

इंडिगो विमान का शेड्यूल और तय कोटा
प्रत्येक उड़ान में 60 जवानों को यात्रा की सुविधा मिलेगी, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के लिए 20, सीमा सुरक्षा बल और भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के लिए 15-15, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के लिए 3, सशस्त्र सीमा बल के लिए 4, आईबी के लिए एक व असम रायफल्स के लिए 2 सीट आरक्षित रहेगी। यह विमान दोपहर 12.10 बजे दिल्ली से रवाना होगी और दोपहर 3 बजे रायपुर पहुंचेगी। रायपुर से 3.20 बजे रवाना होकर शाम 4.30 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। वहीं जगदलपुर से यह विमान 16.50 बजे रवाना होकर शाम 5.40 बजे रायपुर पहुंचेगी। रायपुर से 6.20 बजे रवाना होकर रात 9.10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।  

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button
Close