जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में तैयारी ,बाजार में रौनक
रायपुर
कल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी है,इस बीच कोरोना से राहत भी मिल चुकी है इसलिए लोगों का उत्साह अपने गोपाला के जन्म दिन पर घर से बाजार तक नजर आ रहा है। जन्माष्टमी मनाने के लिए राधा-कृष्ण मंदिरों में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। बाजारों में जन्माष्टमी मनाने के लिए खरीदारी करने वाले लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। राजधानी के सभी छोटे बड़े कृष्ण मंदिरों में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने की तैयारी पूरी हो गई है।
राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं का मनमोहक श्रृंगार दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। जवाहर नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के मुख्य पुजारी पं.मलैया महाराज ने बताया कि सुबह 9 बजे शंखनाद एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाप्रभु जुगल-जोड़ी सरकार जु का (251) लीटर दूध से अभिषेक किया जाएगा।
सुबह 10.30 बजे महाआरती कर प्रसाद स्वरूप दूध, फल, मिठाई, माखन-मिश्री का वितरण किया जाएगा। शाम 6 बजे से भव्य श्रृंगार दर्शन, झांकी दर्शन होगा। श्रद्धालु विविध फलों से सुसज्जित हिंडोला में विराजे कान्हा को झूला झुला सकेंगे। शाम 7 बजे महिला मंडल भजनों की प्रस्तुति देंगी। रात्रि 12 बजे ढोल बाजे, मंजीरा, शंख बजाकर भगवान का का जन्मोत्सव मनाएंगे। इसके बाद महाआरती होगी। इस्कान मंदिर में भी भव्य तैयारी की गई है। सदर बाजार स्थित प्राचीन गोपाल मंदिर,समता कालोनी राधाकृष्ण मंदिर से लेकर प्राय: सभी जगहों पर कोरोना गाइड लाइन के तहत तैयारी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। बघेल ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण की जीवन लीलाएं और उनके उपदेश हमें जीने की सही कला सिखाते हैं। उनके द्वारा दी गई सीख जीवन की हर परिस्थिति के लिए प्रासंगिक हैं और सही रास्ता दिखाती हैं।
राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उइके ने शुभकामना संदेश में कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण ने भागवद् गीता के माध्यम से मानव को जीने की सही राह दिखाई। उन्होंने कहा कि गीता का संदेश जनमानस के लिए युगों-युगों से पथ प्रदर्शक रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के उपदेश आज भी प्रासंगिक है। यह हमें कर्म एवं ज्ञान का पथ दिखाता है। राज्यपाल ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की है।