चंबल संभाग में अंकुर अभियान के दौरान 1 लाख 28 हजार पौधे रोपे जायेंगे
मुरैना
चंबल संभाग में अंकुर अभियान के दौरान 1 लाख 28 हजार पौधों का रोपण 8 अगस्त 2021 के लगभग किया जायेगा। इसमें मुरैना और भिण्ड जिले में 50-50 हजार पौधों का और श्योपुर जिले में 28 हजार पौधों का रोपण किया जायेगा।
चंबल संभाग के कमिश्नर आशीष सक्सैना ने कहा है कि यह पौधे एक दिन में 8 अगस्त 2021 को रोपे जायेंगे। पौधे रोपने से पहले 4ग4 का गहरा गड्डा खोदा जायेगा, जिसमें खाद पानी और सुरक्षा के लिये तार फेंसिंग या लोहे की जाली लगाई जायेगी। पौधरोपण नागरिक अपने स्वर्गीय दादा, दादी, माता, पिता, अन्य रिश्तेदार, दोस्तों की स्म्रति में किये जायेंगे, साथ ही जो भी पौधा लगायेगा, वहां स्वयं की सैल्फी निकालेगा। पौधरोपण करने वाला व्यक्ति इन पेड़ों की संपूर्ण सुरक्षा भी करेगा।
यह निर्देश चंबल कमिश्नर सक्सेना ने बुधवार को ग्वालियर में आयोजित कलेक्टर काॅन्फ्रेंस के दौरान चंबल संभाग के तीनों जिले के कलेक्टरों, जिला पंचायतों के सीईओ और पुलिस अधीक्षकों को दिये।
बैठक में मुरैना कलेक्टर बी कार्तिकेयन, भिण्ड कलेक्टर डाॅ सतीश कुमार एस, श्योपुर कलेक्टर राकेशवास्तव सहित तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायतों के सीईओ, एडीशनल कमिश्नर चंबल अशोक कुमार चैहान, संयुक्त आयुक्त विकास राजेन्द्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान हमें ऑक्सीजन की जिस प्रकार की कमी महसूस हुई है उसको देखते हुए वातावरण में पर्याप्त ऑक्सीजन देने वाले वृक्षों को रोपने का अभियान चलाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों में अगस्त माह के किसी एक दिन को निर्धारित कर वृहद वृक्षारोपण का कार्य किया जाए। इसके लिये सभी जिलों के कलेक्टर अपने दृ अपने जिलों में वृक्षारोपण की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करें।
चंबल कमिश्नर सक्सेना ने कहा कि वृक्षारोपण का अभियान केवल सरकारी अभियान न होकर आम जन को जोड़कर चलने वाला अभियान बनाया जाए। जिले के हर व्यक्ति की उसमें भागीदारी सुनिश्चित की जाए। वृक्षारोपण में इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए कि अधिक से अधिक पौधे 6 फीट हाईट के रोपे जाएं। वृक्षों की देखभाल की जवाबदारी भी जिम्मेदार नागरिकों को सौंपी जाए। वृक्षारोपण के कार्य में जन सहभागिता हो इसके भी प्रयास किए जाएं। एक दिन निर्धारित कर ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों में वृहद वृक्षारोपण का कार्य किया जाए। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों से कहा है कि वे अपने-अपने जिलों में लक्ष्य अनुरूप वृक्षारोपण की कार्ययोजना तैयार कर उसकी तैयारियां करें। ग्वालियर जिले में एक लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अन्य जिलों में भी लक्ष्य निर्धारित कर वृहद वृक्षारोपण का अभियान चलाया जायेगा।