कोविड के विरुद्ध चल रहे अभियान में रिटायर्ड कर्मचारियों की होगी तैनाती
भोपाल
कोविड-19 के विरुद्ध संचालित अभियान में शासन के विभिन्न विभागों तथा सार्वजनिक उपक्रमों, स्थनीय निकायों और निगम-मंडलों में 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो चुके और आगे सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों को सरकार 31 जुलाई तक संविदा नियुक्ति दी जाएगी। इसके लिए विभागों ने ऐसे कर्मचारियों की सूची बनाना शुरु कर दिया है। सभी विभागों में अपने-अपने स्तर पर कार्यवाही की जा रही है।
प्रदेश के विभिन्न सरकारी महकमों में कार्यरत कर्मचारियों से कोविड-19 के विरुद्ध संचालित अभियान में काम कराया जा रहा है। अभियान में लगे कई कर्मचारी 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो चुके है। क ई कर्मचारी आगे भी रिटायर हो रहे है। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि ऐसे कर्मचारी जिनका कोविड के खिलाफ चल रहे अभियान में रहना जरुरी है उनको 31 जुलाई तक संविदा नियुक्ति पर रखा जाएगा।
वर्ग तीन एवं चार के शासकीय कर्मचारियों को ऐसी संविदा नियुक्ति उनके जिला प्रमुख द्वारा दी जाएगी। सार्वजनिक उपक्रमों एवं स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को ऐसी संविदा नियुक्ति उनके मुख्य कार्यपालन अधिकारी दे सकेंगे। नियुक्ति देने से पहले जिला कलेक्टर से प्रमाणीकरण आवश्यक होगा कि वह कोविड 19 में कार्यरत है तथा उसकी सेवाएं जरुरी है। वर्ग दो के शासकीय अधिकारियों की ऐसी संविदा नियुक्ति संभागीय आयुक्त सकेंगे। ऐसी नियुक्ति के पूर्व जिला कलेक्टर से प्रमाणीकरण आवश्यक होगा कि वह कोविड 19 में कार्यरत है तथा उसकी सेवाओं की जरुरत है। वर्ग एक के शासकीय अधिकारियों को ऐसी संविदा नियुक्ति प्रस्ताव प्राप्त होंने पर संबंधित प्रशासकीय विभाग द्वारा दी जा सकेगी।
संविदा पर तैनात किए जाने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय वेतन संरचना, संशोधित वेतनमान में देय महंगाई राहत घटाने के बाद भुगतान योग्य एकमुश्त राशि, संविदा वेतन होगा। इसके अलावा सेवानिवृत्ति के समय देय मूल वेतन पर गृह भाड़ा भत्ता एवं नगर क्षतिपूर्ति भत्ता भी उसे मिलेगा और पेंशन तथा पेंशन पर देय महंगाई राहत भी उसे मिलेगी। जीएडी ने सभी विभागों को इस संबंध में निर्देश जारी किए है।
इसके बाद स्वास्थ्य,नगरीय प्रशासन, निगम-मंडल, पुलिस से जुड़े महकमें अपने यहां कोविड अभियान के लिए कर्मचारियों की सूचियां तैयार कर उनके प्रस्ताव बनाकर मंजूरी देने में जुट गए है।