केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने जिला मुख्यालय मुरैना पर महिला थाने का किया लोकार्पण
मुरैना
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुरैना जिले में महिला थाने की मांग लंबे समय से चली आ रही थी जिसे आज पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में महिला थाना नहीं था इसके लिये महिलाओं पर घटित होने वाले अपराधों को गंभीरता से सुनने में असमर्थता थी जिसे आज पूर्ण किया जा रहा है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह थाना पुरानी कलेक्ट्रेट के अपर कलेक्टर कक्ष में स्थापित किया गया है। जिसमें एक टीआई एवं 11 कर्मचारियों का स्टाफ रहेगा। अभी तक प्रदेश के महिला थाने की सुविधा 10 जिलों में थी। आज मध्यप्रदेश के 42 जिलों में महिला थाना प्रारंभ किये जा रहे हैं। अब महिला अपराधों को सुनने में असुविधा नहीं होगी। महिलाओं को त्वरित न्याय मिलेगा। तोमर ने कहा कि महिला थाने का भवन कुछ ही दिनों में बनकर तैयार हो जायेगा, इसका कार्य प्रगतिरत है, जो कोतवाली के पिछले हिस्से में निर्माणाधीन है।
मंत्री तोमर ने कहा कि मैं समझता हूं मुरैना पुलिस के जीवन में एक और नया आयाम जुड़ रहा है। हम सब इस बात को भली भांति जानते हैं। महिला मां है बेटी है बहन है और पत्नी है। हमारे समाज में महिला की जो भूमिका है वो हर भूमिका महत्वपूर्ण है और इसीलिए महिला को सर्वोच्च स्थान पर सर्वोच्च सम्मान के साथ हमारी संस्कृति में अहमियत दी गई। अध्यात्मक की दृष्टि से भी हम देखेंगे। जो चाहे देवियों को देखें। चाहे बाबा जी को देखिए चाहे माता सीता को देखें तो आध्यात्म में भी प्रथम स्थान महिलाओं को दिया गया और हमारे यहां हम यह भी जानते आजादी का आन्दोलन हुआ, उस आन्दोलन की शुरुआत 1857 में हुई और 1857 में बहुत सारे लोगों की शहादत हुई, लेकिन रानी झाँसी का नाम आज भी इस धरती पर सम्मान के साथ लिया गया। हर महिला सुरक्षित रहे हर महिला का सम्मान रहे। यह हम सब लोगों की भी जिम्मेवारी है और सरकारों की भी जिम्मेदारी है। कानून के माध्यम से भी जिम्मेसदारी का निर्माण किया जाता है उसी के अंतर्गत आज मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के मार्गदर्शन में 42 जिलों में महिला पुलिस थाने की शुरुआत की जा रही है। मध्यप्रदेश सरकार का यह बड़ा काम है और इसके लिए मुख्यमंत्री को मैं हृदय से बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं।
हम सब यह भी जानते हैं। इस समाज में अच्छे लोग भी हैं तो कुछ दरिंदे भी। लेकिन जब अच्छे लोग अपने दायित्व का आगे आकर निर्वहन करते हैं तो दरिंदों की दरिंदगी नहीं चल पाती। सरकार और पुलिस या तो अपना दायित्व निर्वहन करती है लेकिन समाज का भी साथ ही साथ जो दायित्व होता है वह हम सब लोगों को निर्वहन करना भी अपेक्षित है। मुख्यमंत्री चैहान को जब बलात्कार के मामले बहुत तेजी के साथ बढ़ रहे थे तो हमारे मध्यप्रदेश की सरकार थी, जिसने बलात्कारी व्यक्ति अगर दोषी है तो उसको फांसी देने के लिए कानून बनाया, उसके लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए और मध्यप्रदेश भी इस बात का उदाहरण है कि ऐसे प्रकार के मामलों में तीन-तीन महीने की सुनवाई करने के पश्चात दरिंदों को सजा दिलाने का भी काम मध्यप्रदेश की सरकार और पुलिस ने किया। आज महिला थाने की शुरुआत हुई है। भगवान न करे हमारे जिले में ऐसी कोई परिस्थिति खड़ी हो और महिला थाने को काम करने का मौका मिले, लेकिन अगर कोई दरिंदा हमारी बहन, बेटी पर गलत नजर डालता है तो पुलिस उसे छोड़ेगी नहीं उस पर पूरी कार्रवाई करेगी। उस मामले में यह महिला पुलिस थाना निश्चित रूप से मील का पत्थर साबित होगा। मैं इस अवसर पर एसपी सहित पुलिस के सभी अधिकारी कर्मचारियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।