एक साल बाद भोपाल-दिल्ली उड़ान को पुणे तक शुरू करने का शेड्यूल जारी, मार्च में तीन और नई उड़ान
भोपाल
राजधानीवासियों को करीब एक साल बाद फिर से पुणे के लिए सीधी फ्लाइट की सुविधा मिलने जा रही है। बीते दिनों एअर इंडिया ने अपना समर शेड्यूल जारी किया है। इसमें तय किया गया है कि भोपाल-दिल्ली की उड़ान को 28 मार्च से पुणे शुरू किया जाएगा। इस संबंध में एयरलाइंस कंपनी ने शेड्यूल जारी कर टिकट बुक करनी शुरू कर दी है। इसके अलावा 28 मार्च से शुरू हो रहे समर शेड्यूल में भोपाल से उत्तरप्रदेश के दो बड़े शहरों यानी आगरा एवं प्रयागराज की कनेक्टिविटी मिल जाएगी। साथ ही भोपाल से मुंबई एक ओर अतिरिक्त उड़ान भी शुरू की जाएगी।
बताया जा रहा है कि एअर इंडिया ने पिछले साल इन्हीं दिनों कोरोना संकट शुरू होते ही पुणे उड़ान बंद कर दी थी। करीब एक साल बाद इसे फिर से शुरू किया जा रहा है। सुबह की दिल्ली उड़ान को री-शेड्यूल कर पुणे से जोड़ा जा रहा है। इस व्यवस्था से दिल्ली से आने-जाने वाले यात्रियों को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन भोपाल से हवाई यात्रियों को पुणे आने एवं जाने की सुविधा भी मिल जाएगी। एअर इंडिया प्रबंधन के अनुसार यह उड़ान सप्ताह में चार दिन मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार को संचालित होगी। इसकी शुरूआत 28 मार्च से होगी। साथ ही 29 मार्च से मुंबई तक नई मॉर्निंग उड़ान भी शुरू होगी।
भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट को लेकर इंडिगो एयरलाइन ने भी अपने समर शेड्यूल में तीन उड़ानें शुरू करने की तैयारी की है। इसमें भोपाल से मुंबई तक एक नई उड़ान शुरू होगी। साथ ही उप्र के दो बड़े शहर आगरा एवं प्रयागराज तक उड़ान की मांग को पूरा किया जा रहा है। ये तीनों फ्लाइट 28 मार्च से शुरू होंगी।